भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब गिरफ़्तार, यूथ कॉंग्रेस ने की कड़ी निन्दा
नई दिल्ली 23 फ़रवरी 2026: भारतीय युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की तिलक नगर थाना पुलिस द्वारा मनमानी गिरफ़्तारी तथा पिछले कुछ दिनों से जारी दमनात्मक पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
यूथ कॉंग्रेस के महासचिव शेष नारायण ओझा ने बताया कि उदय भानु चिब ने जांच में पूरा सहयोग दिया था। न तो वे फरार थे, न ही जांच से बच रहे थे, गिरफ्तारी जांच की आवश्यकता नहीं, बल्कि दबाव और डर की रणनीति बन चुकी है।
धारा 41A CrPC के नोटिस गिरफ्तारी के बाद थमाए जाने पर गंभीर चिंता जताई।
बिना स्पष्ट जानकारी और बिना विधिक आधार के युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों के परिवारों को आधी रात में उठाया जा रहा है। माता-पिता को घंटों तक थानों में बैठाया जा रहा है, यह कार्रवाई जांच नहीं, बल्कि मानसिक दबाव और भय पैदा करने का प्रयास प्रतीत होती है।
एआई समिट से संबंधित गिरफ्तारियों के बाद, आईवाईसी लीगल डिपार्टमेंट के पदाधिकारी, राष्ट्रीय समन्वयक तथा एक महिला पदाधिकारी हिमाचल सदन में विधिक बैठक कर रहे थे।
तभी लगभग 25–30 दिल्ली पुलिस कर्मियों का दल अचानक परिसर में घुस आया—
बिना वारंट, बिना लिखित अनुमति. बिना प्रवेश के आधार बताए,
बिना किसी महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति के
उन्होंने स्टाफ से पूछताछ की और उस कमरे में प्रवेश किया जहां विधिक बैठक चल रही थी। यह न केवल प्रक्रिया का उल्लंघन है, बल्कि वकीलों और पदाधिकारियों के संवैधानिक अधिकारों में हस्तक्षेप भी है।
आईवाईसी कार्यालय के आसपास लगभग 300 से अधिक दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं।
शांतिपूर्ण और राजनीतिक प्रकृति के विरोध के बावजूद इस प्रकार की भारी तैनाती भय और घेराबंदी का वातावरण पैदा करती है। यह कानून-व्यवस्था बनाए रखने से अधिक राजनीतिक दबाव का प्रदर्शन प्रतीत होता है।
भारतीय युवा कांग्रेस की मांग
1. श्री उदय भानु चिब की तत्काल रिहाई।
2. धारा 41A और गिरफ्तारी संबंधी सभी कानूनी दिशानिर्देशों का पालन।
3. हिमाचल सदन प्रकरण की स्वतंत्र जांच।
4. जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई।
5. परिवारों और विधिक प्रतिनिधियों के उत्पीड़न पर तुरंत रोक।
