आगरा रेल मंडल में टिकट दलालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई

13 जनवरी 2026: आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा टिकट दलाली के विरुद्ध विशेष अभियान “मिशन उपलब्ध” निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध टिकट कारोबार पर पूर्ण रूप से रोक लगाना है।
अभियान के अंतर्गत आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच एवं निगरानी की गई। इस दौरान अप्रैल -2025 से दिसम्बर -2025 तक आरपीएफ द्वारा 14 टिकट दलालों (टाउट्स) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 31 भविष्य की यात्रा के टिकट, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹97,875/-, तथा 01 पूर्व यात्रा का टिकट, जिसकी कीमत ₹3,680/-, बरामद कर जब्त किए गए। बरामद किए गए टिकट अनधिकृत रूप से यात्रियों को अधिक मूल्य पर बेचने के उद्देश्य से रखे गए थे।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के विरुद्ध रेल अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से टिकट दलाली में संलिप्त असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है
रेल प्रशासन भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और अधिक सशक्त एवं व्यापक रूप से चलाकर यात्रियों को पारदर्शी रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही यात्रियों से अपील की जाती है कि वे टिकट केवल अधिकृत माध्यमों से ही खरीदें एवं किसी भी प्रकार की दलाली या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या रेल सहायता हेल्पलाइन पर दें।

About The Author