मुख्यमंत्री धामी ने 1035 सहायक अध्यापकों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र
देहरादून 28 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री धामी ने बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर, देहरादून में 1035 सहायक अध्यापक (प्राथमिक शिक्षा) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जिनमें 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि सभी युवा शिक्षक राज्य में शिक्षा का स्तर बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा केवल उसके जीवन ही नहीं संवारती बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी अमूल्य योगदान देती है। शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पिछले साढ़े चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में शिक्षा विभाग में 11 हजार 500 से अधिक नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। 3 हजार 500 से अधिक विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। राज्य में शिक्षा में नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर शिक्षा महानिदेशक सुश्री दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल उपस्थित थे।
