झुग्गियों पर बुलडोजर के बाद झुग्गियों में आग लगना साजिश तो नही? – देवेन्द्र यादव दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष
दिल्ली, 2 सितम्बर, 2025 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने शाहबाद डेयरी, रोहिणी सेक्टर 18, बंगाली कॉलोनी की झुग्गियां 31 अगस्त को आग लगने से बर्बाद होने के बाद आज भीषण आग से पीड़ित प्रभावितों से मुलाकात करके अपनी संवेदना प्रकट की और आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी हर हाल में आपके साथ खड़ी है। आगे कहा कि भीषण आग में जल कर राख हुई 45 झुग्गियों के परिवार बेघर होकर पूरी तरह बर्बाद हो गए है, सरकार प्रभावितों को उचित मुआवजा दे और इनकी हर संभव मदद करे।
शाहबाद डेयरी क्षेत्र में बसी झुग्गियों में एक नही कई बार आग की घटनाएं हुई है। 31 अगस्त से पहले 5 फरवरी, 2025 को लगी आग में 80 झुग्गियां राख हो गई, 1 मई, 2024 को लगी भीषण आग से 150-200 झुग्गियां जल गई और 19 फरवरी, 2024 को लगी आग में लगभग 130 झुग्गियां जलने से सैंकड़ों लोग बर्बाद हो गए थे। इन घटनाओं से बेघर हुए परिवारों को बड़ी सम्पत्ति का नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन पिछली दो घटनाओं में भाजपा सरकार की तरफ से कोई मदद नही की गई, जबकि आम आदमी पार्टी ने झुग्गीवालों के लिए कुछ करने की जगह सिर्फ उनका हमेशा इस्तेमाल किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की दिल्ली में कोई झुग्गी नही टूटेगी, लेकिन उन्होंने लाखों झुग्गीवालों को विस्थापित करने के लिए कोई सुनिश्चित घोषणा नही की। जबकि राजीव रत्न आवास योजना और जेएनएनआरयूएम के तहत बने ईडब्लूएस के फ्लैटों को इन गरीब लोगों को तुरंत आवंटित करना चाहिए। भाजपा दिल्ली के गरीबों से जुड़े हर मुद्दे पर सिर्फ घोषणा करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तुरंत प्रभाव से शाहबाद डेयरी झुग्गी वासियों के लिए वहीं मकान बनाकर देने की घोषणा करें और जब तक यह काम पूरा नही होता, दयनीय हालत में जीवन जी रहे लोगों की रिहायश के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करें
शाहबाद डेयरी में प्रदेश अध्यक्ष के साथ पूर्व विधायक एवं जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार, जिला अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह, डा0 पी0के0 मिश्रा, जगदीश जैन, पूर्व निगम पार्षद श्रद्धानंद सांगवान, सुमेश गुप्ता, महेश माथुर, नरेश नेताजी, गौपाल चौहान और यशपाल सौलंकी, गुलजार मलिक भी मौजूद थे।
