राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस:: टीकाकरण अवश्य कराएं, जानलेवा रोगों से बच्चों को बचाऐं

आगरा, 16 मार्च 2026।  राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम आयोजित हुए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र(सीएचसी) अछनेरा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली अहीर पर जागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।

जिसमें सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि अपने शिशु का समय पर टीकाकरण कराएं। टीकाकरण ही बच्चों के स्वास्थ्य की कुंजी है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे उन्हें 11 जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है।

सीएचसी अछनेरा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि गोष्ठी का उद्देश्य समाज में टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाना था। एमसीपी कार्ड में दी गई तारीख को देखकर अपने बच्चों का टीकाकरण कराएं।

बरौली अहीर सीएचसी के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सतीश यादव ने बताया कि टीकाकरण कराने के पश्चात मामूली बुखार जैसी समस्या हो सकती है जोकि संकेत है कि टीका अपना कार्य कर रहा है।

प्रमुख टीके जो बच्चों को दिए जाते हैं-

• जन्म पर बीसीजी (टीबी के खिलाफ), ओपीवी (पोलियो के खिलाफ),हेपेटाइटिस-बी (हेपेटाइटिस-बी के खिलाफ)

• 6 सप्ताह पर ओपीवी (पोलियो के खिलाफ), पेंटावैलेंट (डिप्थीरिया, टेटनस, पर्टुसिस, हीमोफिलस इन्फ्लूएंजा टाइप बी, और हेपेटाइटिस-बी के खिलाफ), रोटावायरस वैक्सीन (रोटावायरस के खिलाफ), पीसीवी (न्यूमोकोकल के खिलाफ)

• 10 सप्ताह पर ओपीवी (पोलियो के खिलाफ), पेंटावैलेंट (डिप्थीरिया, टेटनस, पर्टुसिस, हीमोफिलस इन्फ्लूएंजा टाइप बी, और हेपेटाइटिस-बी के खिलाफ), रोटावायरस वैक्सीन (रोटावायरस के खिलाफ), पीसीवी (न्यूमोकोकल के खिलाफ)

• 14 सप्ताह पर ओपीवी (पोलियो के खिलाफ), पेंटावैलेंट (डिप्थीरिया, टेटनस, पर्टुसिस, हीमोफिलस इन्फ्लूएंजा टाइप बी, और हेपेटाइटिस-बी के खिलाफ), रोटावायरस वैक्सीन (रोटावायरस के खिलाफ), पीसीवी (न्यूमोकोकल के खिलाफ)

• 9-12 महीने पर खसरा और रूबेला (एमएमआर) वैक्सीन, जापानी इंसेफेलाइटिस वैक्सीन, न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन

• 16-24 महीने पर एमएमआर वैक्सीन की दूसरी खुराक, वार्षिक इन्फ्लूएंजा वैक्सीन

यह टीके बच्चों को खतरनाक बीमारियों से बचाने में मदद करते है।

About The Author