मौजूदा रेखा सरकार और आम आदमी पार्टी दोनो प्रदूषण पर नियंत्रण के बजाय नूरा कुश्ती में व्यस्त-देवेंद्र यादव

नई दिल्ली, 10 जनवरी, 2026 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि केजरीवाल और रेखा गुप्ता सरकार की नाकारा नीतियों के कारण प्रदूषण राजधानी दिल्ली में स्थायी समस्या बन चुका है, जिसको जड़ से खत्म करने के लिए दोनो सरकारों ने कुछ ठोस उपाय करने की जगह यह कहकर कि प्रदूषण कोई एक दिन में खत्म होने वाली समस्या नही है, अपनी नाकामी को स्वीकार करते रहे है। उन्होंने कहा कि जब सरकार तुम्हारी है, साधन तुम्हारे पास है, व्यवस्था आपके हाथ में है, फिर प्रदूषण नियंत्रण करने में पंगुता क्यों दर्शाइ जा रही है। श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि 5 दिवसीय विधानसभा का शीतकालीन सत्र को भाजपा और आम आदमी पार्टी ने गंभीर प्रदूषण पर चर्चा न करके अखाड़ा बना दिया। दोनो पार्टी के विधायक सदन में और सदन के बाहर एक दूसरे के खिलाफ हंगामा करते दिखाई दिए।

कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदूषण के नाम पर असंख्य नाकाम योजनाओं पर करोड़ों अरबों रुपये खर्च हुए लेकिन दिल्ली में वायु प्रदूषण को अंकित करने वाला एक्यूआई गंभीर स्तर से कम होने की बजाय सर्दियां हो या गर्मी लगातार 400 के पार ही बना रहता है। उन्होंने कहा कि राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण करने में भाजपा की केन्द्र और दिल्ली सरकार की नाकामी के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप करके प्रदूषण के असली कारणों की पहचान करने के आदेश देने का मतलब साफ है कि सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील नही है।

श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि वाहन, निर्माण, औद्योगिक प्रदूषण, पराली सहित अन्य कारणों से बढ़ने वाले प्रदूषण को कम करने में भाजपा सरकार लगातार नाकाम साबित हो रही है। कोर्ट ने 2-4 हफ्तों में प्रदूषण के कारणों और समाधान पर विस्तृत योजना पेश करने का आदेश दिया है और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर मिलकर काम करने की सलाह भी दी है, परंतु भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री दिल्ली के गंभीर प्रदूषण को न तो नियंत्रित करने के लिए कुछ कर रही है और न कांग्रेस द्वारा सर्वदलीय बैठक की सलाह की बात पर कोई विचार किया।

श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि जनवरी में भी कड़कड़ाती ठंड में दिल्ली के क्षेत्रों में एक्यूआई 400 के पार पहुॅच रहा है, जो लोगों के स्वास्थ्य पर दोहरा दुष्प्रभाव डाल रहा है। नरेला में एक्यूआई 343, नेहरू नगर में 428, पंजाबी बाग में 373, पूसा में 383, आरके पुरम में 392 दर्ज किया गया। आनंद विहार में स्थिति और गंभीर रही, जहां एक्यूआई 425 तक पहुंच गया। अशोक विहार में 369, बवाना में 354, चांदनी चौक में 408, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज क्षेत्र में 390 और डीटीयू इलाके में 339 एक्यूआई दर्ज किया गया। दर्ज आंकड़ों से साफ है कि राजधानी की हवा अभी भी ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी हुई है और दिल्ली की मौजूदा रेखा सरकार और पिछली आम आदमी पार्टी दोनो प्रदूषण नियंत्रण पर काम करने की बजाय नूरा कुश्ती में व्यस्त है।

About The Author