अमूल दूध की पहली विशेष ट्रेन अहमदाबाद से जम्मू-कश्मीर पहुंची
ऐतिहासिक उपलब्धि: अमूल दूध की विशेष ट्रेन गुजरात से जम्मू-कश्मीर पहुंची : निर्बाध आपूर्ति और पोषण सुनिश्चित करने की बड़ी पहल
जम्मू 22 अप्रैल 2026: जम्मू मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के तहत पहली बार अहमदाबाद मंडल के लिंच गुड्स शेड से 20 BCN अमूल दूध की विशेष मालगाड़ी सफलतापूर्वक
जम्मू मंडल के बाड़ी ब्राह्मणा व अनंतनाग रेलवे गुड्स शेड पहुंची। जिसमें 10 BCN बाड़ी ब्राह्मणा गुड्स शेड के लिए थे और 10 BCN अनंतनाग गुड्स शेड के लिए। 10 BCN में लगभग 500 टन वजन था कुल वजन 1000 टन था. इस गुड्स ट्रेन में अमूल दूध ( टोंड मिल्क व दूध पाउडर ) मठ्ठा और लस्सी आदि उत्पाद मुख्य रूप से शामिल हैं।
इससे पूर्व अक्टूबर 2025 में कश्मीर घाटी में 1,350 टन औद्योगिक नमक की पहली रेल खेप गुजरात के अहमदाबाद मंडल के खाराघोड़ा स्टेशन से अनंतनाग स्टेशन तक सफलतापूर्वक पहुंची थी।
नमक और दुग्ध उत्पादों की इन सफल खेपों के माध्यम से व्यापार क्षेत्र में जम्मू मंडल ने अपने व्यापारिक एवं आर्थिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया है।
यह पहल गुजरात के डेयरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों को कश्मीर घाटी के बाजारों से सीधे जोड़ने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया, “कि पहली विशेष कार्गो ट्रेन का बाड़ी ब्राह्मणा (जम्मू) पहुंचना हमारे पूरे जम्मू मंडल के लिए एक गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण है। इस सीधी रेल सेवा से सड़क परिवहन की लागत और समय दोनों में भारी कमी आएगी, जिसका सीधा आर्थिक लाभ हमारे जम्मू के स्थानीय बाजार और उपभोक्ताओं को मिलेगा।”
