देहरादून में नगर निगम का पहला फूड कोर्ट “डेस्टिनेशन” अंतिम चरण में
देहरादून 10 मार्च,2026 (सू.वि) राजधानी देहरादून-
नगर निगम देहरादून द्वारा निर्मित शहर के प्रथम फूड कोर्ट डेस्टिनेशन का कार्य अपने अंतिम चरण में पहुँच चुका है और शीघ्र ही आम जनता के लिए खोला जाएगा।
यह फूड कोर्ट महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के निकट रायपुर-थानों रोड पर स्थापित किया जा रहा है और नगर निगम की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। शहरवासियों व पर्यटकों को यहाँ विभिन्न राज्यों और देशों के व्यंजनों का स्वाद एक ही स्थान पर लेने का अवसर मिलेगा।
फूड कोर्ट में कुल 31 दुकानों व स्वच्छता, शौचालय, ओपन डाइनिंग के साथ लाइट शो, बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था और पर्यटकों के लिए वॉकिंग गैलरी/पाथवे की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। थानो-एयरपोर्ट मार्ग के हैवी ट्रैफिक को देखते हुए नगर निगम ने पर्याप्त पार्किंग क्षेत्र का निर्माण भी किया है।
देहरादून नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि देहरादून को उन शहरों की तर्ज पर विकसित करने की योजना है जहाँ फूड कोर्ट/फूड पार्क का निर्माण किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में फूड पार्क में सौंदर्यकरण, ब्यूटीफिकेशन और साइनबोर्ड का कार्य अंतिम चरण में है।
नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ यह फूड कोर्ट स्थानीय युवाओं और व्यापारियों के लिए रोजगार सृजन का भी अवसर प्रदान करेगा और शहर में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगा।
