खसरा-रूबेला उन्मूलन के लिए प्रदेश में चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत जनपद आगरा में 16 से 27 फरवरी तक खसरा-रूबेला उन्मूलन हेतु विशेष एम.आर. टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। इस संदर्भ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में गुरुवार को बैठक आयोजित की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में देहात एवं नगरीय क्षेत्र के अधिकारियों-कर्मचारियों को अभियान की रूपरेखा, सत्र नियोजन तथा यू-विन पोर्टल पर सत्र योजना एवं उपलब्धि प्रविष्टि की विस्तृत जानकारी दी गई। बेसिक शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपने कार्मिकों को प्रशिक्षित कर लिया है, जबकि नगर विकास विभाग व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेगा।

सीएमओ ने बताया कि खसरा एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है, जो तेज बुखार, दाने, निमोनिया, डायरिया, कुपोषण तथा गंभीर मामलों में मृत्यु का कारण बन सकता है। वहीं, रूबेला गर्भवती महिलाओं में संक्रमण होने पर भ्रूण में जन्मजात विकृतियां जैसे हृदय दोष, दृष्टि एवं श्रवण संबंधी विकार उत्पन्न कर सकती है। एम.आर. टीका निःशुल्क उपलब्ध होगा।

जिला प्रतिक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य दिसंबर 2026 तक खसरा एवं रूबेला के राष्ट्रीय उन्मूलन लक्ष्य को प्राप्त करना, 100% लक्षित बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करना तथा विद्यालय आधारित सत्रों से अधिकतम कवरेज हासिल करना है। लक्षित समूह में जनपद के सभी निजी, सरकारी एवं मदरसा विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चे शामिल हैं। आवश्यकतानुसार छूटे हुए बच्चों को भी कवर किया जाएगा।

About The Author